दिल पे चलाईं छुरियां : लघुकथा

AI Image

 

-शमीमा हुसैन

वह बहुत अच्छा नाचती थी। बहुत अच्छा खाना बनाती थी और बाइक भी अच्छी तरह चला लेती थी। घर का हर काम उसे आता था। लोग भी कहते थे कि वह सब कुछ बहुत अच्छा करती है। फिर भी न जाने क्यों उसका घर नहीं बस सका।


उसका नाम शादी से पहले परी था। लेकिन शादी के बाद उसका नाम बदलकर उषा रख दिया गया। वह पी. टी. उषा नहीं थी, लेकिन काम करने में पीटी उषा  से कम भी नहीं थी।


उसकी शादी एक ऐसे परिवार में हुई, जहाँ घर में लगभग दस लोग थे। दस लोगों का खाना बनाना, सबके कपड़े धोना, बर्तन साफ करना और घर के बाकी सारे काम करना-वह सब अकेले करती थी। सुबह से रात तक लगातार काम करती रहती और थककर चूर हो जाती। लेकिन घरवालों को कभी यह ख्याल नहीं आया कि वह भी इंसान है और उसे भी आराम की जरूरत है।


अगर उससे छोटी-सी भी गलती हो जाती, तो उसे मार पड़ती। उसकी सास उसे मारती थी। कभी-कभी पति भी मारता था—कभी कम, कभी ज्यादा। कभी तो देवर भी हाथ उठा देता था। घर के लगभग सभी लोग उसे मारते-पीटते और गालियाँ देते, और वह चुपचाप सब सहकर फिर अपने काम में लग जाती।


आखिर क्यों?


सिर्फ इसलिए कि वह एक औरत थी?


इन मर्दों को तो सच में चुल्लू भर पानी में डूब जाना चाहिए था। बाहर जाकर काम करके पैसे कमाकर लाने से क्या कोई बड़ा हो जाता है? घर के अंदर एक औरत भी तो दिन-रात काम करती है। वह भी घर संभालती है, खाना बनाती है, कपड़े धोती है, बच्चों की देखभाल करती है और सबकी जरूरतों का ध्यान रखती है। फिर उसके काम की कोई कीमत क्यों नहीं?


आखिर ऐसा क्या कारण था कि उसे हर छोटी-सी बात पर मारा जाता, गालियाँ दी जातीं और अपमानित किया जाता?


और उषा सब कुछ चुपचाप क्यों सहती थी?


क्योंकि उसे बचपन से यही सिखाया गया था कि औरत को अपना घर बचाने के लिए बहुत कुछ सहना पड़ता है।


लेकिन उसे यह भी तो सिखाया जाना चाहिए था कि अन्याय सहना कोई मजबूरी नहीं है।


उसने पहले दिन ही विरोध किया था। उसने साफ कह दिया था कि वह मारपीट सहन नहीं करेगी। लेकिन उसके सामने सबसे बड़ी मुश्किल थी- समाज और परंपरा की वह सोच, जिसमें सास को बहू पर शासन करने का अधिकार समझा जाता है।


उषा की सास भी कभी किसी की बहू थी। उसने भी शायद कभी बहुत कुछ सहा होगा। लेकिन उसने उस दर्द को खत्म करने के बजाय वही दर्द अपनी बहू को देना शुरू कर दिया।


समय बीतता गया। उषा के दो बच्चे हुए-एक बेटी और एक बेटा। दोनों बच्चे धीरे-धीरे बड़े होने लगे। वे अपनी माँ को रोज रोते और मार खाते देखते थे। 


एक बार, दो बार नहीं, बार-बार यही कहानी दोहराई जाती।


दो-चार दिन ठीक से गुजरते और फिर किसी न किसी बहाने से उषा को पीटा जाता।


दाल फीकी क्यों है?


सब्जी में पानी कम क्यों है?


दाल में सिर्फ तीन सीटी क्यों लगीं?


दाल में चार-पाँच सीटी क्यों लग गईं?


घर के किसी काम में थोड़ी-सी भी कमी रह जाए, तो उसके लिए सजा तैयार थी।


उषा अपने मन की बात किसी से कह भी नहीं सकती थी। गालियाँ उसके लिए इतनी आम हो चुकी थीं कि जैसे किसी घर में रोज गाने बजते हैं, वैसे ही उसके घर में रोज गालियाँ गूँजती थीं।


फिर भी वह अपने बच्चों को संभालती रही। अपने दर्द को छिपाती रही और किसी तरह जिंदगी चलाती रही।


लेकिन एक दिन हद ही हो गई।


उसके पति ने उसे बहुत मारा और फिर कहा—


“जाकर अपने मायके से पैसे लेकर आओ।”


उषा पहले भी कई बार मायके से पैसे ला चुकी थी। लेकिन इस बार उसके पिता बहुत बीमार थे। उन्हें कैंसर था और उनका इलाज चल रहा था। उसके मायके की आर्थिक हालत भी बहुत खराब थी। उषा अपने पिता की बीमारी और घर की पूरी हालत जानती थी।


ऐसे समय में वह भला अपने मायके जाकर पैसे कैसे माँगती?


उसने मार खाते हुए भी साफ कह दिया, “मुझे मार दो, लेकिन मैं इस बार पैसे माँगने मायके नहीं जाऊँगी।”


उसके इतना कहने पर उसे और मारा गया।


आखिरकार उसने अपने भाई को फोन किया। भाई आया और उषा को अपने साथ मायके ले गया। उसके दोनों बच्चे भी उसके साथ चले गए।


उषा अपने मायके आ गई।


एक साल बीत गया।


उस एक साल में उसने पीछे मुड़कर उस जिंदगी को देखा, जिसे वह इतने वर्षों से जीती आई थी। उसने बहुत सहा था, बहुत रोई थी, लेकिन अब उसके अंदर कुछ बदल चुका था।


अब उसने सोच लिया था कि वह अपनी जिंदगी उसी तरह नहीं जिएगी।


उसने तय कर लिया था कि अपने बच्चों को वह ऐसा घर नहीं देगी, जहाँ उनकी माँ को रोज अपमानित होते और मार खाते देखना पड़े।


उसके दिल पर बहुत गहरी चोट लगी थी।


“दिल पे चलीं छुरियाँ, घर जला है मेरा,

तेरा क्या बिगड़ा? तुझे तो तेरा यार मिल गया...”


उसके लिए ये सिर्फ शब्द नहीं थे। ये उसकी पूरी जिंदगी का दर्द था-एक ऐसी औरत का दर्द, जिसने अपना घर बचाने के लिए सब कुछ सहा, लेकिन आखिर में उसे समझ आया कि घर सिर्फ चार दीवारों से नहीं बनता।


घर वहाँ बसता है, जहाँ सम्मान हो, प्यार हो और डर के बजाय सुरक्षा हो।


और शायद उषा का असली घर उसी दिन बसना शुरू हुआ, जिस दिन उसने अन्याय के सामने झुकना बंद करने का फैसला किया।


Comments

Popular posts from this blog

समय की कीमत : लघुकथा

काश : लघुकथा

कम्पनी : लघुकथा